पडरौना। विद्युत वितरण खंड पडरौना के विद्युत उपकेंद्रों पर तैनात संविदाकर्मियों को अबतक अगस्त का मानदेय नहीं मिला है। इससे नाराज संविदाकर्मियों ने सोमवार को डीएम और एक्सईएन को ज्ञापन सौंपकर बकाया मानदेय भुगतान कराने की मांग की। कर्मियों ने चेताया कि यदि बुधवार तक मानदेय नहीं मिला तो कार्य बहिष्कार कर आंदोलन किया जाएगा।
सौंपे गए ज्ञापन में विद्युत संविदा मजदूर संगठन के जिला सचिव अनिल श्रीवास्तव ने कहा कि पडरौना डिवीजन के विद्युत उपकेंद्रों पर तैनात संविदाकर्मियों को अभी तक अगस्त का मानदेय नहीं मिला है। उन्हाेंने कहा कि माह के प्रथम सप्ताह तक हर हाल में मानदेय का भुगतान हो जाना चाहिए, लेकिन 23 सितंबर बीत गया है। अब तक संविदाकर्मियों मानदेय नहीं मिला है। वेतन नहीं मिलने से घर का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने चेताया कि यदि बुधवार तक मानदेय का भुगतान नहीं हुआ तो कार्य बहिष्कार कर आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान जिला संगठन मंत्री संजय दूबे, ब्लॉक अध्यक्ष राजेश दुबे आदि मौजूद रहे।