पडरौना। विद्युत संविदा मजदूर संगठन उत्तर प्रदेश की रविवार को बैठक हुई। इसमें संविदा कर्मियों ने उत्तर प्रदेश पॉवर कॉर्पोरेशन के प्रबंध निदेशक पूर्वांचल वाराणसी की ओर से संविदा कर्मियों की छंटनी के संबंध में जारी आदेश का विरोध किया।
प्रांतीय प्रभारी पुनीत राय ने कहा कि प्रबंध निदेशक की तरफ से जारी तानाशाही आदेश अनुचित हैं। प्रांतीय महामंत्री राजेश्वर सिंह ने कहा कि संविदा कर्मी आठ की जगह 16 से 18 घंटे कार्य कर रहे हैं। फिर भी कार्य पूरा नहीं हो पा रहा है। संविदा कर्मी से बिलिंग, राजस्व की वसूली, उपभोक्ताओं की समस्या का समाधान, पेड़ की डालियों की छंटाई, ट्रांसफार्मर का चढ़ाना-उतारना जैसे कई कार्य कराए जा रहे हैं। इसके बावजूद प्रबंधन पुराने आदेशों के अनुसार ही काम करने की बात कर रहा है। यह पूरी तरह से अनुचित है। श्रम विभाग के अनुसार कोई भी आउटसोर्स कर्मी एक दिन में आठ घंटे से अधिक कार्य नहीं करेगा, लेकिन पॉवर कॉर्पोरेशन के अधिकारी इस नियम का उल्लंघन कर रहे हैं।
यदि इस आदेश को लागू किया गया, तो हजारों संविदा कर्मी बेरोजगार हो जाएंगे। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष आनंद कुमार सिंह ने किया।
इस दौरान बलवंत कुमार गुप्ता, दीपचंद सिंह, राधेश्याम सिंह, गुलाबचंद गौड़, अश्वनी, पंकज मल्ल, देवानंद पटेल, प्रभुनाथसिंह, दिनेश्वरनाथ मिश्रा, संजय सिंह, चंद्रभूषण मिश्रा, तारकेश्वर पांल्य, उमेश सिंह, राजकुमार सिंह, दुर्गेश कुमार, धर्मेंद्र कुशवाहा आदि मौजूद रहे।