मानदेय व ईपीएफ भुगतान की मांग को लेकर संविदा बिजली कर्मियों ने किया प्रदर्शन
- संविदा विद्युत कर्मियों ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा
पडरौना। जिले के सभी विद्युत वितरण खंड से जुड़े उपकेंद्रों के विद्युत संविदाकर्मियों ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद मानदेय व ईपीएफ भुगतान की मांग को लेकर डीएम की अनुपस्थिति में एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
जिले के पडरौना, तमकुहीरोड, दुदही, तरयासुजान, तमकुहीराज, कसया, मनिकौर, कोटवा, खड्डा समेत सभी विद्युत उपकेंद्रों के विद्युत संविदाकर्मी मानदेय व ईपीएफ के भुगतान को लेकर डीएम कार्यालय पर एकत्र हुए। मांगों के समर्थन में नारेबाजी कर प्रदर्शन करने लगे। जिलाध्यक्ष अशोक कुमार राय ने कहा कि मानदेय और ईपीएफ का भुगतान ओरियन सॉल्यूशन सिक्योरिटी की ओर से की जाती है। लेकिन निर्धारित तिथि के अंदर मानदेय व ईपीएफ का भुगतान नहीं किया जाता है। अभी तक जुलाई का मानदेय नहीं मिला है। फरवरी से ईपीएफ का भुगतान भी लंबित पड़ा है। इससे संविदाकर्मियों के सामने भुखमरी का संकट गहरा गया है। इसके बाद संविदा कर्मियों ने डीएम की अनुपस्थिति में एसडीएम सीएल सोनकर को ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों की मांग को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने ओरियन कंपनी के अधिकारियों से मोबाइल पर वार्ता की और शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन देकर प्रदर्शन समाप्त कराया। इस दौरान अनिल श्रीवास्तव, राजेश दुबे, राकेश कुमा, अजय पांडेय, कन्हैया विश्वकर्मा, संजय दुबे, मुंशी कुमार, उमेश चौधरी, कुमुद शर्मा, सुनील तिवारी आदि मौजूद थे।