गंगुआ बाजार। बिजली उपकेंद्र तमकुहीराज के समउर बाजार फीडर से जुड़े आठ से अधिक गांव में बिजली की कटौती से उपभोक्ताओं में आक्रोश है। उपभोक्ताओं ने कहा कि निगम के अधिकारी लोकल फाल्ट का हवाला देकर पल्ला झाड़ दे रहे हैं।
इस उपकेंद्र से परसौनी खुर्द, बिहार बुजुर्ग, पिपरा बघेल, बिहार खुर्द, समउर बाजार, गंगुआ मठिया, पुरैना कटेया व कटहरी बाग आदि गांवों में पिछले तीन दिनों से बिजली आपूर्ति चरमरा गई है। उपभोक्ताओं की माने तो 72 घंटे में केवल चार घंटे ही बिजली आपूर्ति मिली है। इस उमस भरी गर्मी में बिजली न मिलने से क्षेत्र के लोगों को परेशानी हो रही है। पूर्व जिला पंचायत सदस्य राजेश सिंह, पूर्व प्रधान सत्यानन्द मिश्र उर्फ छोटू बाबा, गोपाल गुप्ता आदि ने जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की। उपकेंद्र के जेई प्रवीण पाण्डेय ने बताया कि बृहस्पतिवार को पोल गिरने की वजह से सप्लाई बंद थी, उसके बाद लोकल फाल्ट की वजह से आपूर्ति बाधित हो जा रही है। जल्द ही फाल्ट ठीक कराकर आपूर्ति बहाल की जाएगी।