कप्तानगंज। ब्लॉक के ग्राम सेमरा में छोटी गंडक नदी के किनारे 24.11 लाख की लागत से अंत्येष्टि स्थल, विश्राम गृह और सड़क बनेगी। इसके लिए धन अवमुक्त हो गया है। इससे सैकड़ों गांवों के लिए अच्छी सुविधा उपलब्ध होगी।
क्षेत्र से होकर गुजरने वाली छोटी गंडक नदी के किनारे सेमरा ग्राम सभा के अंत्येष्टि स्थल पर सेमरा, बौलिया, पिपरा माफी, पचार, खभराभार, राजमंदिर, मच्छरगांवा आदि गांवों के लोग अंतिम संस्कार के लिए आते हैं। अंत्येष्टि स्थल, विश्राम गृह, सड़क व पानी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से लोगों को परेशानी होती थी। लोगों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए ब्लॉक प्रमुख कप्तानगंज और प्रमुख संघ के जिला अध्यक्ष विशाल सिंह ने अंत्येष्टि स्थल के निर्माण के लिए प्रस्ताव भेजा था। शासन से मंजूरी के साथ ही धन भी अमुक्त हो गया है। इससे क्षेत्र के लोगों में खुशी है।
ब्लॉक प्रमुख विशाल सिंह ने बताया कि क्षेत्र के लोगों की मांग को संज्ञान में रखते हुए शासन की ओर से अंत्येष्टि स्थल, विश्राम गृह और सड़क सहित अन्य सुविधाओं के लिए 24 लाख की 11 हजार रुपये अवमुक्त हो गए हैं। यह निर्माण कार्य अंत्येष्टि स्थल विकास योजना उत्तर प्रदेश सरकार के जरिये कराया जाएगा। कार्य तीन माह के भीतर पूरा हो जाएगा। उसके बाद अंतिम संस्कार के लिए आने वाले लोगों को किसी प्रकार की कोई कठिनाई नहीं होगी।
अंत्येष्टि स्थल के निर्माण की मंजूरी के लिए ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि दिनेश कुमार सिंह, श्याम सिंह, गौतम सिंह, मारकंडे पांडेय, रामकृपाल पांडेय, सतेंद्र कुमार सिंह, डाॅ. बीपी सिंह, डाॅ. उपेंद्र सिंह, रानू अग्रहरि, बब्लू सिंह, विजय कन्नौजिया आदि ने ब्लाक प्रमुख को बधाई दी।