तमकुहीरोड में सरकारी बस स्टैंड निर्माण के लिए भूमि पूजन करते विधायक व चेयरमैन।स्रोत-सोशल मीडिया
तमकुहीराज। सेवरही में बस अड्डा के लिए बृहस्पतिवार को भूमि पूजन हुआ। इसके बाद निर्माण कार्य शुरू हो गया। बस अड्डा के निर्माण पर करीब 2.86 करोड़ रुपये खर्च होंगे। निर्माण पूरा होने के बाद कस्बे से लंबी दूरी की बसों का संचालन शुरू हो जाएगा।
यूपी व बिहार सीमा पर स्थित तमकुहीरोड महत्वपूर्ण व्यावसायिक केंद्र है। यहां दो दशक पहले किराए के कैंपस में सरकारी बस अड्डे का संचालन होता था। उस समय लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, सोनौली सहित अन्य कई शहरों के लिए निगम की नियमित बसों संचालन होता था, लेकिन बाद में लंबी दूरी की बसों का संचालन बंद हो गया। इस समय केवल उन्नाव डिपो बस एक बस नियमित रूप से कानपुर के लिए संचालित हो रही है। कस्बा से संचालित होने वाली अन्य बसें कसया, गोरखपुर, देवरिया के लिए चलाई जाती हैं। जगह के अभाव में निगम और अनुबंधित बसों के चालक परिचालक सड़क पर खड़े होकर सवारी भरते हैं।
बस अड्डा निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण के बाद चार अप्रैल 2023 को प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने शिलान्यास किया गया था। इसके बाद यहां एक भवन के साथ शौचालय का निर्माण कराया गया।