पडरौना। पडरौना कोतवाली पुलिस ने शहर के खड्डा रोड पर रेलवे क्राॅसिंग के पास से चार कार से शराब की खेप लेकर बिहार जा रहे चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की कीमत तकरीबन पांच लाख रुपये बताई जा रही है। जबकि करीब 20 लाख के कीमत की चार कार को जब्त कर पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
पडरौना कोतवाली के इंस्पेक्टर सुशील कुमार शुक्ल पुलिस टीम के साथ पडरौना शहर में भ्रमण कर रहे थे। इसी बीच उन्हें सूचना मिली कि शराब तस्कर शराब की खेप लेकर चार कारों से बिहार के लिए जा रहे हैं। सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस खड्डा जाने वाली सड़क पर स्थित रेलवे क्राॅसिंग पर वाहनों की जांच करने लगी। तभी बारी-बारी से चार कारें वहां पहुंची। जब पुलिस ने तलाशी ली तो कारों की डिक्की से शराब की खेप बरामद हुई। इसमें 180 एमएल वाली 977 फ्रूटी अंग्रेजी शराब और अंग्रेजी शराब की 24 बोतलें बरामद की गईं। पुलिस के अनुसार बरामद शराब की कीमत तकरीबन पांच लाख से अधिक है। इस दौरान चारों कार में सवार तस्करों की पहचान बिट्टू कुमार, राजन कुमार निवासी घरमुहा थाना पिपरा कोठी मोतिहारी बिहार, विरेंद्र कुमार निवासी दयाछपरा थाना चकिया जिला मोतिहारी बिहार व प्रमोद कुमार निवासी मथुरापुरा मठगोपाल थाना पिपरा कोठी जिला मोतिहारी बिहार के रूप में हुई है। इन सभी की कार को पुलिस ने जब्त कर लिया है। जब्त कार की कीमत 20 लाख रुपये के आसपास की बताई जा रही है। गिरफ्तार करने वाली टीम में इंस्पेक्टर सुशील कुमार शुक्ल के अलावा मनोज कुमार वर्मा, मनोज द्विवेदी, मिश्रौली चौकी प्रभारी विवेक पांडेय, हवलदार अखिलेश कुमार यादव, अजीत राय, सिपाही आशुतोष यादव आदि शामिल रहे।