पडरौना। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया और एडीएम वैभव मिश्र को ज्ञापन सौंपा। इसमें नीट-यूजी परिणाम को रद्द करने और पूरे मामले की सीबीआई जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ऋषिकेश मिश्र की अगुवाई में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने बताया कि नीट-यूजी 2023 का परिणाम चार जून को जारी किया गया था, जिसमें कई तरह की अनियमितता उजागर हुई है। यूपी, बिहार, गुजरात और हरियाणा में गड़बड़ियों के कारण कई लोगों को गिरफ्तार भी किया गया। ऐसे में यह परीक्षा संदेह के घेरे में है। नीट-यूजी में हुई गड़बड़ी के कारण तमाम युवाओं का भविष्य भी खतरे में पड़ गया है। इससे आहत कई छात्र आत्महत्या जैसे कदम भी उठा चुके हैं। जिलाध्यक्ष ऋषिकेश मिश्र ने कहा कि नीट-यूजी की परीक्षा कराने वाली संस्था नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) की भूमिका संदिग्ध है। ऐसे में नीट-यूजी की परीक्षा के परिणाम को रद्द कर पूरे मामले की निष्पक्षता के साथ सीबीआई जांच कराई जानी चाहिए। इस दौरान जिला उपाध्यक्ष अशोक सिंह, सीमा गुप्ता, अंशु मणि त्रिपाठी, वृंदा प्रजापति, ओमप्रकाश तिवारी, सीमा भारती आदि मौजूद रहे।