कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पर टिप्पणी करने वाले पर केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
तमकुहीरोड(कुशीनगर)। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी करने वाले युवक के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। इसके साथ ही पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
तरयासुजान थाना क्षेत्र ग्राम पंचायत कटहरिया परसौनी निवासी शिवजी गुप्ता पर आरोप है कि उन्होंने पिछले दिनों कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और तमकुहीराज के विधायक अजय कुमार लल्लू के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी की गई थी। इसके साथ ही व्यापारी नेता और कांग्रेस कार्यकर्ता पप्पू जायसवाल को भी धमकी दी गई थी। इसे लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नाराजगी थी। कस्बे के अंबेडकरनगर निवासी पप्पू जायसवाल की तहरीर पर सेवरही थाने की पुलिस आरोपी के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी (संशोधन) अधिनियम व अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। एसओ सेवरही महेंद्र कुमार चतुर्वेदी बोले केस दर्ज कर लिया गया है। पूरे प्रकरण की जांच के बाद इस मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।