बरौनी से बांद्रा को जाने वाली अवध एक्सप्रेस में सीट के लिए दौड़ते यात्री ।संवाद
- स्टेशन पर लाइन लगाकर रोज वापस जा रहे यात्री
संवाद न्यूज एजेंसी
कुशीनगर। दिवाली और छठ त्योहार बीते एक सप्ताह हो गए। घर आये लोगों को नौकरी करने के लिए वापस जाने के साधन नहीं मिल रहे हैं। हालात यह है कि 20 दिसंबर तक दिल्ली व मुंबई की ट्रेनों मेें टिकट नहीं मिल रहा है। लोग वेटिंग टिकट लेकर किसी तरह ट्रेन में जगह के मारामारी कर रहे हैं।
गोरखपुर-नरकटियागंज के रास्ते रक्सौल से दिल्ली जाने वाली सत्याग्रह एक्सप्रेस में 20 दिसंबर तक स्लीपर कोच में दस नंबर वेटिंग, थर्ड एसी और सेकेंड एसी में वेटिंग भी नहीं है। इसी तरह सप्क्रांति एक्सप्रेस जो मुजफ्फरपुर से दिल्ली तक जाती है, इसमें भी स्लीपर कोच में 50 नंबर की वेटिंग चल रही है। थर्ड एसी और सेकेंड एसी में भी प्रतीक्षा सूची लंबी है। बरौनी से बांद्रा जाने वाली अवध एक्सप्रेस में स्लीपर में 26, थर्ड एसी में 4 और सेकेंड एसी में भी वेटिंग है। ऐसे में ट्रेन से दिल्ली की यात्रा काफी कठिन हो गई है।
00000
दिल्ली जाने के लिए तीन ही बीएस-6 बसें उपलब्ध-
पडरौना डिपो में बीएस-6 की कुल छह बसें संचालित हैं। इसमें से तीन बसें ही दिल्ली जाती हैं। इसमें से एक बस पडरौना से प्रतिदिन दिल्ली और एक बस दिल्ली से पडरौना के लिए रवाना होती है। एक बस रास्ते में होती है। इन बसों में पडरौना से 40 से 50 यात्री दिल्ली तक की यात्रा हर रोज करते हैं। पडरौना डिपो के एआरएम राकेश कुमार ने बताया कि बीएस-6 की बसें अभी बढ़ने की संभावना नहीं है।