पडरौना। रोडवेज और अनुबंधित बसों के चालकों व परिचालकों के लिए ड्रेस कोड अनिवार्य कर दिया गया है। नेम प्लेट लगाना भी जरूरी है। इसका उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा, अनुशासन और पहचान सुनिश्चित करना है।
पडरौना डिपो की तरफ निगम की 39 और अनुबंधित 21 बसों का संचालन होता है। इन सभी बस चालक और परिचालकों को वर्दी पहननी होगी। इसके अलावा सभी चालक और परिचालकों को अपने वर्दी पर नेम प्लेट लगाना जरूरी है। इसमें निगम का लोगो, पदनाम और कर्मचारी कोड होना चाहिए।
चालकों के लिए खाकी और परिचालकों के लिए स्लेटी वर्दी निर्धारित है।बिना वर्दी और नेम प्लेट के मिलने पर जुर्माना लगाया जाएगा। यह जुर्माना 100 से 200 तक हो सकता है। यही नहीं, जांच के दौरान एक माह में तीन बार बिना वर्दी और नेम प्लेट के चालक और परिचालक मिले तो उनकी संविदा समाप्ति की कार्रवाई की जाएगी।
पडरौना डिपो के एआरएम जयप्रकाश प्रधान ने बताया कि चालक और परिचालकों को वर्दी पहनना और नेम प्लेट लगाना अनिवार्य कर दिया गया है। इसके बाद बावजूद कुछ चालक व परिचालक निगम के निर्देश के पालन में लापरवाही बरत रहे थे। इसको देखते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई के निर्देश मिले हैं। जांच के दौरान यदि एक माह में तीन पर बिना वर्दी या ने प्लेट के मिलने पर उनकी संविदा समाप्त करने की कार्रवाई की जाएगी।