मंसाछापर। जटहा बाजार थाना क्षेत्र के खेसिया गांव के पोखरा टोला में शुक्रवार की शाम रास्ते पर जलभराव को लेकर सगे भाइयों में हिंसक झड़प हो गई। मारपीट में गंभीर रूप से घायल छोटेलाल कुशवाहा 48 घंटे बाद भी होश नहीं आए हैं। उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में वह जीवन और मौत के बीच झूल रहे हैं। पुलिस ने चार लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी में जुटी है।
पोखरा टोले में तीन सगे भाइयों के बीच बारिश के पानी से रास्ते पर जलभराव को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इस दौरान कई लोग घायल हो गए। छोटेलाल कुशवाहा के सिर में गंभीर चोट लगने से वह मौके पर ही बेहोश हो गया।
घटना के बाद उसे इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां रविवार की शाम 48 घंटे बीतने के बाद भी उसे होश नहीं आया है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
इस मामले में पुलिस ने लल्लन कुशवाहा की तहरीर पर जोगिंद्र, उषा, सोनी और अनूप के खिलाफ मारपीट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। एसओ अभिनव मिश्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर चार लोगों के विरुद्ध मारपीट सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।