घुटने भर पानी से होकर घर पहुंचना मजबूरी
जलभराव की समस्या से जूझ रहे मिश्रा कॉलोनी के लोग
पडरौना। नगर के तिलक नगर की मिश्रा कॉलोनी के लोग जलभराव की समस्या से जूझ रहे हैं। कॉलोनी में रहने वाले दो हजार लोगों को घुटने भर पानी में घुसकर आवागमन करना पड़ता है। सबसे ज्यादा समस्या स्कूली बच्चों को होती है। लोगों का कहना है कि कॉलोनी में सड़क और नालियों का निर्माण नहीं होने से यह नौबत आई है।
रामकोला रोड के किनारे बसी तिलक नगर की मिश्रा कॉलोनी में न तो सड़क का निर्माण हुआ है और न ही नालियां बनवाई गई हैं। इससे पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। बरसात के मौसम में लंबे जलभराव रहने से जलजनित बीमारियों के फैलने की आशंका बनी रहती हे।
कॉलोनी के रहने वाले शाहिद अंसारी का कहना है कि कॉलोनी में प्रवेश करने वाली करीब 100 मीटर सड़क आरसीसी हुई है। शेष सड़कें कच्ची हैं। संगम राव ने बताया कि बारिश होने पर कॉलोनी के लोगों की परेशानी बढ़ जाती है।
कॉलोनी वासी राज मौर्या ने कहा कि सड़क और खाली पड़ी जमीनों पर पानी एकत्र होने से जलजनित बीमारियां की आशंका बनी रहती है। आकाश मिश्र ने कहा कि कॉलोनी में सड़क और नालियों के निर्माण के लिए नगर पालिका प्रशासन से कई बार शिकायत की गई, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है।
...
कोट
मिश्रा कॉलोनी में नाली और सड़क का निर्माण कराकर स्थायी समाधान किया जाएगा। प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया है। बजट मिलते ही काम शुरू करा दिया जाएगा।
-विनय जायसवाल, चेयरमैन, नगर पालिका