एसडीएम की अध्यक्षता में गठित टीम करेगी जांच
गठित टीम के अध्यक्ष होंगे क्षेत्र के एसडीएम व सदस्य होंगे बीडीओ व अन्य ब्लॉक के बीईओ
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। परिषदीय विद्यालयों में विकास कार्यों के लिए दी गई कंपोजिट ग्रांट के धनराशि की जांच एसडीएम की अध्यक्षता में गठित टीम करेगी। टीम में एसडीएम के अलावा संबंधित ब्लाक के बीडीओ और अन्य ब्लाॅक के बीईओ बीईओ समेत दो अधिकारियों को सदस्य बनाया गया है। जांच टीम रेंडम आधार पर ब्लाॅक के 20 स्कूलों में ख़र्च धनराशि की जांच कर प्रस्तुत खर्च के विवरण का सत्यापन करेगी। यदि इस जांच में अंतर मिला तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
परिषदीय विद्यालयों में भवन की पेंटिंग, छोटे-मोटे रखरखाव, चाक-डस्टर समेत अन्य खर्च के लिए विद्यालयों में नामांकित छात्र संख्या के आधार पर शासन की तरफ से धनराशि कंपोजिट ग्रांट के रूप में धनराशि उपलब्ध कराई जाती है। वर्ष 2022-23 में परिषदीय विद्यालयों को उपलब्ध कराई धनराशि की जांच होगी। इसके लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने एसडीएम की अध्यक्षता में जांच टीम गठित की है। इस टीम में एसडीएम के अलावा संबंधित ब्लाक के बीडीओ और दूसरे ब्लाक के बीईओ बतौर सदस्य होंगे।
यह जांच टीम रेंडम आधार पर ब्लाॅक के किसी भी 20 विद्यालय में उपलब्ध धनराशि की जांच करेगी। इसमें यदि कोई लापरवाही मिली तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई के लिए विभाग को संस्तुति की जाएगी।
इस संबंध में बीएसए डॉ. राम जियावन मोर्या ने कहा कि शासन के निर्देश पर जिले के विद्यालयों में कंपोजिट ग्रांट की धनराशि जांच होगी। इसके लिए एसडीएम की अध्यक्षता में टीम गठित कर दी गई है। जांच टीम की तरफ से मिली रिपोर्ट के आधार पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।