मंडलायुक्त पी गुरु प्रसाद ने मंगलवार को विकास भवन सभागार में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर लोहिया गांवों में 2015-16 में प्रस्तावित कार्यों की अब तक हुई प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने विभागीय अधिकारियों को चेतावनी दी कि अप्रैल तक अधूरे पड़े सारे कार्य पूरा करा लें अन्यथा कार्रवाई का सामना करने के लिए तैयार रहें। बैठक के दौरान मंडलायुक्त ने जिला कृषि अधिकारी उमेश गुप्ता से गेहूं के उत्पादन के बारे में जानकारी भी ली। उस दौरान कृषि अधिकारी ने यह जानकारी दी कि जनपद में गेहूं की पैदावार 20 प्रतिशत कम हुई है।
समीक्षा के दौरान मंडलायुक्त ने कृषि बीमा योजना की प्रगति ठीक नहीं मिलने पर निर्धारित लक्ष्य जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। अधिकारियों को उन्होंने आग की घटना प्रभावित लोगों को समय से राहत राशि उपलब्ध कराने की हिदायत दी। उन्होंने यह भी कहा कि आग से प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के लिए अगर धन नहीं है तो उसके लिए डिमांड पत्र बनाकर भेजें ताकि शासन स्तर से धनराशि प्राप्त हो सके।
मिनी कामधेनु / माइक्रो कामधेनु योजना में अब तक हुई प्रगति की जानकारी ठीक से नहीं दे पाने पर मंडलायुक्त ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी से नाराजगी जताई। साथ ही उन्होंने पशुओं के टीकाकरण की रिपोर्ट भी प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। लोहिया गांवों और राजीव गांधी विद्युतीकरण योजना के तहत प्रस्तावित विद्युतीकरण की योजना में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर मंडलायुक्त ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से भी नाराजगी जताई।
इसी तरह से इस तरह नलकूप, डीआईओएस, बीएसए, जल निगम, पीडब्ल्यूडी, जिला पूर्ति अधिकारी, डीपीआरओ को अधूरे पड़े कार्यों को हर हाल में अप्रैल अंत तक पूरा कराने का अल्टीमेटम दिया। साथ ही कार्य प्रणाली में सुधार लाने की हिदायत भी दी। समाजवादी पेंशन, वृद्धा, विधवा, विकलांग पेंशन योजना, बाल विकास परियोजना, वन विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारियों को लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा कराने का निर्देश भी दिया। बैठक में डीएम शंभू कुमार, सीडीओ केएन सिंह, एडीएम रामकेवल तिवारी, डीडीआ, समाज कल्याण अधिकारी सहित कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे।