जिला योजना समिति की बैठक मेंं प्रभारी मंत्री सतीश चंद्र शर्मा नेे अफसरों को चेताया
वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए 486.99 लाख का हुए खर्च का अनुमोदन किया गया
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। डीएसओ साहब! खाद्य एवं रसद विभाग की शिकायतें न सुनने को मिले, अन्यथा आप समझ जाएं...। यह हिदायत प्रभारी मंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने दी। वह कलेक्ट्रेट सभागार में बृहस्पतिवार को जिला योजना समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। इस दौरान वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए 486.99 लाख का हुए खर्च का अनुमोदन किया गया। सदस्यों ने आंकड़ों में संतृप्त कर शासन को रिपोर्ट भेजने पर गांव के प्रत्येक दूसरे परिवार के सदस्यों से संतृप्त नहीं होने की शिकायत की। इसको गंभीरता से लेते हुए प्रभारी मंत्री ने डीएसओ को कड़े शब्दों में चेतावनी दी।क
जिला योजना समिति की बैठक में जिला पंचायत सदस्य के प्रतिनिधि बलराम राव ने कहा कि आप प्रभारी मंत्री के साथ प्रदेश के खाद्य-रसद विभाग के भी मंत्री हैं। जिले की हालत यह है कि खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत आंकड़ों में संतृप्त कर शासन को रिपोर्ट भेज दी। इसके बावजूद गांव का हर दूसरा परिवार राशन कार्ड के लिए चयनित परिवार के सदस्यों से संतृप्त नहीं है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने सिधावें-कठकुइयां, परवरपार-झनझनपुर और भरठहिं बुजुर्ग-भठहिं खास आदि गांवों को पिच रोड से न जोड़ने की जानकारी दी। प्रभारी मंत्री ने कहा कि सरकार की अनजुड़ी बसावट योजना में ढाई सौ आबादी तक के मजरों को पिच रोड से जोड़ने की योजना है। इस पर प्रभारी मंत्री ने संबंधित अधिकारी को कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जिला योजना समिति की बैठक में जिले के समग्र व सर्वांगीण विकास के लिए वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए 486.99 लाख के खर्च का अनुमोदन किया गया। करीब आधे घंटे तक चली इस बैठक में प्रभारी मंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने कहा कि सड़क, मेडिकल कॉलेज व अन्य विकास कार्य काफी तेजी से हो रहे हैं। अगले वित्तीय सत्र में जनप्रतिनिधियों के साथ कार्ययोजना बनाकर विकास की योजनाओं को लेकर आगे बढ़ा जाएगा। जनप्रतिनिधि भी क्षेत्र की समस्याओं के बारे में सोचें और उसका समाधान करने का प्रयास करें।
इस दौरान सीडीओ गुंजन द्विवेदी, सदर विधायक मनीष जायसवाल, खड्डा के विधायक विवेकानंद पांडेय, तमकुहीराज के विधायक डॉ. असीम राय, विधायक सुरेंद्र सिंह कुशवाहा, रूद्र प्रताप सिंह, मनोज सिंह आदि मौजूद रहे।
....
समन्वय से कार्य करेंगे तो विकास को मिलेगी गति
प्रभारी मंत्री ने कहा कि सभी परियोजनाओं को गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निस्तारण कर जनता को समर्पित करें। अधिकारी और जनप्रतिनिधि समन्वय से कार्य करें तो विकास की गति तेज होगी। इसके पहले प्रभारी मंत्री ने बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा कर बीएसए को विद्यालयों में चहारदीवारी व शौचालय बनवाने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम चौपाल में जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित नहीं करने का सीडीओ को कार्रवाई के निर्देश दिए। सांसद विजय कुमार दुबे ने कहा कि सभी योजनाएं सुचारू और पारदर्शिता पूर्ण तरीके से लाभार्थियों तक पहुंचाने के लिए अधिकारी प्रयास करें। डीएम रमेश रंजन ने प्रभारी मंत्री समेत समिति के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बैठक के दौरान जन प्रतिनिधियों की तरफ से लाए गए सभी समस्याओं और सुझाव पर अधिकारियों को अमल करने के निर्देश दिए।