-चकबंदी विभाग की मिलीभगत से भू माफिया ने किया फर्जीवाड़ा, शिकायत पर जांच शुरू
-शिकायत करने वाले शख्स को हाटा बाजार में पिटाई कर जान से मारने की धमकी दिया
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। हाटा तहसील के पड़री टोला गौरा गांव में एक भू-माफिया चकबंदी अफसरों की मिलीभगत से खलिहान की जमीन अपने पिता के नाम करा लिया है। गांव के एक शख्स की शिकायत पर जांच शुरू हुई तो भू-माफिया ने युवक की हाटा बाजार में हॉकी और डंडे से पिटाई की। शिकायत वापस नहीं लेने पर जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने चार लोगों पर मारपीट का केस दर्ज किया है।
हाटा के पड़री टोला गौरा गांव निवासी अंकित कुमार सिंह ने गांव ने एसडीएम और मुख्यमंत्री से पूर्व में शिकायत की थी कि गांव के खजांची यादव खलिहान की जमीन चकबंदी विभाग के अफसरों की मिलीभगत से अपने परिवार के सदस्य के नाम करा लिया है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए अफसरों ने जांच शुरू की।
जांच से बौखलाए खचांजी यादव और उसके परिवार के सदस्य अंकित सिंह को धमकी देने लगे और शिकायत वापस लेने के लिए दबाव बना रहे हैं। लेकिन अंकित इन लोगों की बात नहीं सुन रहा है। इससे नाराज खजांची यादव हाटा बाजार में पहुंचे। वहां मौजूद अंकित की हॉकी-डंडे से पिटाई की और जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए।
पुलिस ने इस मामले में खजांची यादव, निलेश यादव, बृजेश यादव, अखिलेश यादव पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज किया है। इसी गांव में खलिहान की जमीन के दास्तावेज में हुए फर्जीवाड़े में एक चकबंदी सीओ पर एक माह पूर्व कार्रवाई भी हो चुकी है।