खड्डा। खड्डा थाना क्षेत्र के पकड़ी बृजलाल चौराहे से भैंसहा गांव जाने वाली सड़क पर शुक्रवार की देर रात बाइक और साइकिल में टक्कर हो गई। इससे बाइक व साइकिल सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों की मदद से घायलों को तुर्कहां सीएचसी भेजवाया गया, जहां से उपचार के बाद दोनों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
पकड़ी बृजलाल चौराहे से भैंसहा गांव को जाने वाली सड़क पर थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर पड़रहवा निवासी रवि गुप्ता उम्र 21 वर्ष पुत्र सुभाष बाइक से चौराहे की तरफ आ रहा था। इसी बीच भैंसहा गांव निवासी रामरेखा सिंह उम्र 54 वर्ष पुत्र जयनाथ की साइकिल से बाइक की टक्कर हो गई। इसमें दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर एसआई शशांक राय, कांस्टेबल राजीव चौधरी, यशवंत यादव ने लोगों की मदद से दोनों को उपचार के लिए तुर्कहा सीएचसी भेजवाया, जहां उपचार के बाद हालत गंभीर देख डॉक्टर ने दोनों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।