- पुलिस ने 500 मीटर की दूरी तक खाली कराया हाईवे, तेज आवाज सुनकर लोगों की जुटी भीड़
- स्कूलों की छुट्टी के समय हुआ हादसा, तेज आवाज के साथ हाईवे पर चारों तरफ फैल गया धुआं
- गैस रिसाव से दहशत, दोनों लेन पर वाहन छोड़कर भागे राहगीर, पुलिस ने टैंकर को कस्बे से बाहर पहुंचाया
- गोरखपुर-कसया हाईवे पर सुकरौली कस्बे में अपराह्न 2:45 बजे सीएनजी टैंकर में हुआ ब्लास्ट
सुकरौली (कुशीनगर)। गोरखपुर-कसया हाईवे पर सुकरौली कस्बे में सोमवार को अपराह्न 2:45 बजे सीएनजी टैंकर में ब्लास्ट हो गया। ब्लास्ट के बाद टैंकर से तेजी से गैस का रिसाव होने लगा और कस्बे में अफरा-तफरी मच गई। ब्लास्ट की तेज आवाज से राहगीरों, दुकानदारों और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। खुद को बचाने के लिए लोग हाईवे की दोनों लेन पर इधर-उधर भागने लगे। इसी दौरान स्कूलों की छुट्टी भी हुई थी। गनीमत रही कि कोई समय रहते स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार, सुकरौली कस्बे में लोग सामान्य दिनों की तरह आवाजाही कर रहे थे। स्कूलों की छुट्टी के बाद बच्चे सड़क से गुजर रहे थे, दुकानदार अपना व्यापार संभाल रहे थे कि अचानक सीएनजी टैंकर में ब्लास्ट हो गया। ब्लास्ट होते ही लोग इधर-उधर भागने लगे। कुछ ही देर पहले आसपास के स्कूलों की छुट्टी हुई थी, ऐसे में बच्चे भी घबराकर भागने लगे। मौके पर पहुंची पुलिस ने हाईवे को 500 मीटर की दूरी तक खाली कर दिया और दोनों तरफ वाहनों की आवाजाही रोक दी। इस दौरान गोरखपुर-कसया हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। आधे घंटे तक हाईवे पर आवागमन पूरी तरह से ठप रहा। सीएनजी टैंकर गोरखपुर से कसया स्थित किसी पेट्रोल पंप पर जा रही थी।
पुलिस ने संभाली स्थिति, टैंकर को कस्बे से बाहर कराया
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने टैंकर चालक राकेश से बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली और मौके पर जुटी भीड़ को नियंत्रित किया। इसके बाद यातायात व्यवस्था संभालते हुए सीएनजी टैंकर को कस्बे से बाहर सुरक्षित स्थान पर खड़ा कराया गया। स्थिति सामान्य होने के बाद हाईवे पर वाहनों का आवागमन फिर शुरू हो सका। स्कूलों की छुट्टी के समय कस्बे के व्यस्त मार्ग पर टैंकर में ब्लास्ट और गैस रिसाव की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चिंता बढ़ा दी। हालांकि, समय रहते पुलिस के पहुंचने और टैंकर को कस्बे से बाहर हटवाया। इसके बाद हालात संभल गए। इस दौरान किसी बड़े हादसे की सूचना नहीं है।
वर्जन
हाईवे पर जीएनजी टैंकर ब्लास्ट हो गया और रिसाव तेज हो गया। तेज आवाज सुनाई दिया, मौके पर पहुंची और सुरक्षा के दृष्टिकोण से हाईवे पर से गुजरने वाले राहगीरों को रोक दी। रिसाव कम होने के बाद कस्बे से टैंकर को बाहर कराया। गोरखपुर से जीएनजी लेकर टैंकर कसया जा रहा था। कोई नुकसान नहीं है।
-डॉ. अजय कुमार सिंह, सीओ कसया