खड्डा। गंडक नदी में बहकर आए शवों और जानवरों की लाशों से खड्डा क्षेत्र में प्रदूषण के हालात के बीच स्वास्थ्य विभाग की सक्रियता पर सवाल उठे थे। शनिवार को सीएमओ ने भैंसहा ठोकर संख्या दो और तीन का निरीक्षण कर प्रदूषण कम होने के बाद नदी किनारे जाने की सलाह दी।
सीएमओ डॉ. चंद्र प्रकाश ने भैंसहा ठोकरों का निरीक्षण करने के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) खड्डा का भी निरीक्षण किया। इस दौरान सभी कर्मचारी उपस्थित मिले और व्यवस्थाएं सामान्य पाई गईं। उन्होंने मरीजों से भी बातचीत कर स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि नेपाल में आई त्रासदी के बाद गंडक नदी में बड़ी संख्या में शव बहकर खड्डा क्षेत्र तक पहुंचे रहे हैं। इससे नदी किनारे और आसपास के क्षेत्रों में दुर्गंध व प्रदूषण की स्थिति बन गई थी। ऐसे में नदी किनारे जाने पर संक्रामक बीमारियां होने की संभावना है। इसको देखते हुए नदी किनारे जाने से परहेज करना चाहिए।
इस दौरान प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारस नाथ गुप्ता, पंकज कुमार गुप्ता, सुहैल अख्तर, चंदन मिश्रा, मनोज कुमार आदि मौजूद रहे।