सीएम के संभावित दौरे को लेकर कार्यक्रम का निरीक्षण करते मंडी समिति के संभागीय उप निदेशक।
- फोटो : KUSHINAGAR
सीएम का कार्यक्रम टला, अब जनवरी में आएंगे
सोहरौना गांव में मंच व हेलीपैड के साथ ही बैरिकेडिंग भी हो गई थी पूरी
पडरौना। जिले में मुख्यमंत्री के आगमन का कार्यक्रम टल गया है। सीएम अब जनवरी के दूसरे सप्ताह में आ सकते हैं। हालांकि अचानक आगमन की सूचना पर जिला प्रशासन ने युद्घ स्तर पर तैयारी शुरू कर दी थी। 28 या 29 दिसम्बर को संभावित आगमन को देखते हुए सोहरौना गांव में मंच व हेलीपैड बनाने के साथ ही बैरिकेडिंग भी हो गई थी।
बीते मंगलवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान डीएम डॉक्टर अनिल कुमार सिंह को मुख्यमंत्री के जनपद भ्रमण की जानकारी मिली थी। अगले दिन सोहरौना गांव के पास नवीन मंडी स्थल के निर्माण कार्य के लिए शिलान्यास कराने का स्थान तय किया गया। दिन भर की कवायद के बाद कार्यक्रम स्थल तय करते हुए वहां अन्य तैयारियां शुरू हो गईं। बृहस्पतिवार को कार्यक्रम स्थल का नजारा ही बदल चुका था। बोए गए खेतों को बराबर कर मंच व हेलीपैड बनाने का कार्य तेजी से चल रहा था। दोपहर बाद हेलीपैड का काम करीब-करीब हो चुका था। विशाल कार्यक्रम स्थल की बैरिकेडिंग कराने के साथ ही वाहन पार्किंग के लिए भी जगह की साफ सफाई करा दी गई। प्रशासनिक अफसर 28 या 29 दिसम्बर का दिन तय मानकर चल रहे थे। लेकिन बृहस्पतिवार की शाम को कार्यक्रम में विलम्ब की संभावना दिखने लगी। रात में प्रशासन को अनुमान हो चला था कि अब शायद सीएम का कार्यक्रम तय नहीं हो पाएगा। इसके चलते शुक्रवार को कार्यक्रम स्थल पर तैयारियों की गति भी शिथिल रही।
देर शाम जिलाधिकारी डॉ. अनिल कुमार सिंह ने कार्यक्रम टलने की जानकारी देते हुए बताया कि अब संभवत: जनवरी के प्रथम या द्वितीय सप्ताह में कार्यक्रम लगेगा। डीएम ने बताया कि सीएम के इस संभावित कार्यक्रम में मंडी स्थल के शिलान्यास समेत विकास के कई महत्वपूर्ण कार्यों की शुरुआत होनी थी।