मंसाछापर। सीएचसी विशुनपुरा में सोमवार की देर शाम हुए विवाद का मामला आखिरकार बुधवार को आपसी समझौते पर खत्म हो गया। सीएम शोधार्थी प्रवीण अग्निहोत्री और फार्मासिस्ट आनंद तिवारी के बीच हुई हाथापाई के मामले में दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से पुलिस को लिखित पत्र देकर मामला समाप्त कर दिया।
घटना सोमवार रात करीब आठ बजे की है, जब शोधार्थी प्रवीण अग्निहोत्री स्वास्थ्य व्यवस्था की वास्तविक स्थिति जानने के लिए सीएचसी पहुंचे थे। इसी दौरान ड्यूटी पर मौजूद फार्मासिस्ट आनंद तिवारी से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी थी। मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा। बुधवार सुबह दोनों ने आपसी समझौते के तहत पुलिस को लिखित सूचना देकर विवाद को समाप्त कर दिया। इस पूरे प्रकरण को लेकर स्वास्थ्य विभाग के अफसरों ने नाराजगी जताई है। थानाध्यक्ष आलोक यादव ने बताया कि आपस में दोनों लोग सुलह कर लिए हैं।
काफी दिनों से चल रही थी तनातनी
सीएचसी विशुनपुरा में हुए विवाद के बाद यह मामला काफी चर्चा में आ गया है। सीएम शोधार्थी स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर लगातार निरीक्षण कर कमियों को उजागर कर रहे हैं। इससे पहले भी स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर शोधार्थी और स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदारों के बीच नोकझोंख हुई थी, यह मामला भी उच्च अधिकारियों के पास पहुंचा था। काफी दिनों से चली आ रही खींचतान आखिर विवाद का रूप ले ही लिया।