पडरौना। दिन निकलने के साथ ही बृहस्पतिवार को आसमान में काले बादल छाए रहे। दोपहर करीब 1:30 बजे हल्की हवा के साथ बूंदाबांदी हुई, जबकि जिले के कुछ ग्रामीण इलाकों में सुबह ही हल्की बारिश हुई। इससे बीते करीब एक सप्ताह से गर्मी से परेशान लोगों को थोड़ी राहत मिली। लेकिन बारिश थमते ही धूप निकल आई और उमस ने लोगों काे बेहाल कर दिया।
मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के कारण अगले तीन से चार दिन तक जिले में रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। इससे खरीफ की फसलों को राहत मिलेगी, लेकिन उमस के कारण बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।
पिछले करीब एक हफ्ते से उमस भरी गर्मी से जूझ रहे लोगों को बृहस्पतिवार को दोपहर में राहत मिली। सुबह सात बजे से ही आसमान में घने बादल मंडराने लगे थे। दोपहर करीब 1:30 बजे अचानक तेज बूंदाबांदी शुरू हुई जो करीब 10 मिनट तक चली। कई इलाकों में बूंदों के साथ ठंडी हवा भी चली। बारिश के बाद उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली।
बच्चे और युवा सड़कों पर भीगते नजर आए। बारिश रुकते ही करीब दो बजे के बाद धूप निकल आई। नमी के कारण वातावरण में चिपचिपाहट बढ़ गई। पारा भले ही 33 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, लेकिन उमस 75 प्रतिशत तक पहुंच गई। इसके चलते शरीर से पसीना सूखने की बजाय और बढ़ गया।
कृषि विज्ञान केंद्र सरगटिया के मौसम वैज्ञानिक बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र अब पूर्वी यूपी की तरफ बढ़ रहा है। इसके असर से कुशीनगर में अगले तीन से चार दिन तक बादल छाए रहेंगे और रुक-रुक कर मध्यम बारिश होगी। कहीं-कहीं तेज बौछारें और हवा चलने के आसार हैं।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार को सबसे अच्छी बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। बारिश से सबसे ज्यादा खुशी किसानों के चेहरे पर दिखी। बेलही शुक्ल के किसान सुरेंद्र प्रसाद शुक्ल, यशपाल शुक्ल, मटिहनिया के किसान विमलेश यादव आदि ने कहा कि 15 दिन से इंतजार कर रहे थे। आज की बारिश से खेत की मिट्टी नरम हुई है। अब 2-3 दिन और बारिश हो जाए तो रोपाई पूरी कर लेंगे।