मल्लूडीह में सड़क जाम करते लोग। संवाद
कुशीनगर। कसया क्षेत्र के एक इंटर कॉलेज की 12वीं की छात्रा से दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने मंगलवार को स्कूल के ही एक शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को दुष्कर्म का वीडियो वायरल होने के बाद देर शाम छात्रा के पिता ने पुलिस को तहरीर दी, जिसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर यह कार्रवाई की।
इस बीच डीआईओएस ने कॉलेज के प्रधानाचार्य को निलंबित कर दिया और विभागीय जांच के लिए टीम गठित कर दी। दूसरी ओर प्रबंधक ने भी मंगलवार को आरोपी शिक्षक को निलंबित कर दिया।
उधर, छात्रा से दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद मंगलवार सुबह करीब आठ बजे ही अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ता और गांव के सैकड़ों लोग कॉलेज पहुंच गए और शिक्षक और प्रधानाचार्य पर कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन करने लगे। आला अधिकारियों ने जब कार्रवाई की बात बताई तब लोग तीन घंटे बाद माने। कसया के एक गांव की किशोरी क्षेत्र के ही एक कॉलेज में 12वीं की छात्रा है। आरोप है कि चार अप्रैल को जब वह कॉलेज गई तब मल्लूडीह निवासी शिक्षक मैनुद्दीन अंसारी ने उसे अपने कक्ष में बुलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। किसी ने इसका वीडियो बना लिया। सोमवार को वह वीडियो अचानक सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
छात्रा के पिता के अनुसार, वीडियो वायरल होने के बाद उन्हें इसका पता चला, तब उन्होंने तहरीर दी। तहरीर के आधार पर कसया पुलिस ने दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर आरोपी शिक्षक को मंगलवार सुबह गिरफ्तार कर लिया। डीआईओएस श्रवण कुमार गुप्ता ने लापरवाही के मामले में प्रधानाचार्य संतोष कुमार वर्मा को भी मंगलवार को निलंबित कर दिया।