नगर निकाय चुनाव के बाद बड़ी रार, पुलिस हलकान
संवाद न्यूज एजेंसी
खड्डा। छितौनी नगर पंचायत में चुनावी रंजिश को लेकर मंगलवार देर रात हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने एक पक्ष की तहरीर पर एक महिला सहित चार लोगों के विरुद्ध केस दर्ज किया। छितौनी कस्बा निवासी दिनेश जायसवाल ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि मंगलवार की रात वे घर जा रहे थे। इसी बीच सपा प्रत्याशी रहे रमेश गुप्ता ने चुनावी रंजिश को लेकर समर्थकों के साथ उन पर हमला कर दिया। वह बचने के लिए घर में घुसे तो आरोपी भी उनके घर में घुस गए। उनके साथ ही परिवार के अन्य सदस्यों संग मारपीट की।
इससे दिनेश के अलावा अखिलेश (25), आशा देवी (40), शैलेश जायसवाल (35), गुड़िया (20), जहीदा बेगम (55), प्रीति (20) घायल हो गए। गांव के लोगों ने घायलों को तुर्कहां सीएचसी में भर्ती कराया, जहां इलाज चल रहा है। इस मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया है।
इस संबंध में हनुमानगंज एसओ राम सहाय चौहान ने बताया कि दिनेश जायसवाल की तहरीर पर सपा प्रत्याशी रहे रमेश गुप्ता समेत चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।