क्रिसमस की तैयारियां तेज, धूमधाम से मनेगा प्रभु ईसा मसीह का जन्म
- ईसाई समुदाय ने शुरू की तैयारी, चर्च परिसर में हुई सजावट
पडरौना। प्रभु ईसा मसीह का जन्मदिन मनाने को लेकर ईसाई समुदाय के लोगों ने तैयारी तेज कर दी है। नगर से सटे बलुचहां रोड स्थित सेंट थ्रेसस स्कूल स्थित चर्च परिसर में साफ-सफाई के बाद चरनी सजा दी गई है। इसमें ईसा मसीह के बाल अवतार, माता मरियम और चरवाहे, गाय, भेड़, बकरियों के चित्र और मूर्ति, फूल पत्तों के साथ सजावट की गई है। 24/25 दिसंबर की आधी रात को परिसर में परंपरागत तरीके से पूजा के बाद चर्च में केक काटकर धूमधाम से प्रभु ईसा मसीह का जन्मदिन मनाया जाएगा।
पडरौना नगर सहित जिले के अन्य हिस्सों में स्थित मिशन स्कूलों और चर्च को सजाया गया है। वहां दिनभर प्रभु यीशु मसीह के जन्मदिन मनाने की तैयारी में लोग जुटे रहे। पडरौना से सटे भरवलिया और पांडेय देवरिया रोड स्थित सेंट थ्रेसस स्कूल, क्षेत्र के परसौनी कला स्थित मिशन स्कूल व कसया के नवजीवन मिशन स्कूल समेत अन्य संबंधित अन्य स्कूलों में क्रिसमस का कार्यक्रम आयोजित होता है । इस संबंध में संत थ्रेसस स्कूल के फादर अंशों ने कहा कि पूरी दुनिया में प्रभु ईसा मसीह का जन्मदिन धूमधाम से मनाया जाता है यह प्रेम त्याग का त्योहार है। इस दिन मानव कल्याण के लिए प्रभु ईसा मसीह का जन्म दिन हुआ था।
छात्र-छात्राओं ने प्रस्तुत किए सांस्कृतिक कार्यक्रम
छितौनी। क्षेत्र के बेलवनिया स्थित ज्ञानोदय इंटर कॉलेज में शुक्रवार को क्रिसमस से पूर्व सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इसमें छात्र-छात्राएं सेंटा क्लॉज की ड्रेस पहनकर स्कूल पहुंचे। सांस्कृतिक और रंगारंग कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। बच्चों ने ईसा मसीह के जीवन पर आधारित नाटक प्रस्तुत किया। छात्रों ने सेंटा क्लॉज बनकर सभी को टॉफी बांटी। कार्यक्रम का शुभारंभ चरनी कार्यक्रम से हुआ। विद्यालय के छात्र- छात्राओं ने प्रार्थना नृत्य, क्रिसमस गीत,फादर का संदेश,नाटक,अंग्रेजी में क्रिसमस गीत आदि की प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर जोजो ने प्रभु यीशु के तथा क्रिसमस के महत्व को बताया। इस मौके पर प्रमुख रूप सेसिस्टर एरिन, सिस्टर ज्योति, ओम प्रकाश गुप्त, संतोष, शिवपूजन, राघवेंद्र प्रताप शाही, रोहित चौधरी, नुरुल हसन, नेहा और सुप्रिया अंजना आदि मौजूद थेे।