जिले के 2629 विद्यालयों में नवंबर से फरवरी तक 14 दिन बंटेगा अतिरिक्त आहार
हर शुक्रवार बदलेगा मेन्यू, भोजन की गुणवत्ता और निर्धारित मात्रा पर रहेगा जोर
पडरौना। सर्दियों में परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को अतिरिक्त पोषण देने के लिए पीएम पोषण योजना के तहत विशेष व्यवस्था की जाएगी। इसके तहत जिले के 2629 विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को सूजी का मीठा हलवा और नमकीन उपमा परोसा जाएगा। नवंबर 2026 से फरवरी 2027 के तीसरे सप्ताह तक कुल 14 विद्यालय दिवसों में बच्चों को अतिरिक्त आहार दिया जाएगा।
जिले में 2464 परिषदीय, 55 वित्तपोषित माध्यमिक, पांच राजकीय, 54 वित्तपोषित जूनियर, 26 समाज कल्याण और 25 मदरसा विद्यालयों में करीब ढाई लाख विद्यार्थियों को मध्याह्न भोजन दिया जाता है। शासन के निर्देशानुसार, हर शुक्रवार को नियमित भोजन के अतिरिक्त हलवा या उपमा परोसा जाएगा। महीने के पहले और तीसरे शुक्रवार को मीठा हलवा, जबकि दूसरे, चौथे और पांचवें शुक्रवार को नमकीन उपमा दिया जाएगा। शुक्रवार को अवकाश होने पर अगले कार्यदिवस में अतिरिक्त आहार वितरित किया जाएगा।
निर्धारित मेन्यू के अनुसार, प्रत्येक बच्चे के लिए कम से कम 30 ग्राम सूजी का इस्तेमाल होगा। हलवे में सूजी, घी, चीनी और नारियल, जबकि उपमा में सूजी, तेल, मौसमी सब्जियां, मूंगफली और मसाले डाले जाएंगे। हलवे की अनुमानित लागत सात रुपये और उपमा की चार रुपये प्रति बच्चा निर्धारित की गई है। भोजन तैयार करने वाले रसोइयों को अतिरिक्त पारिश्रमिक देने का भी प्रावधान है।
गुणवत्ता और वितरण की होगी निगरानी
विद्यालयों को खाद्य सामग्री की गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समय पर भोजन वितरित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि शासन के निर्देशों के अनुरूप सभी विद्यालयों में निर्धारित दिनों पर हलवा और उपमा बनाकर बच्चों को दिया जाएगा। भोजन की गुणवत्ता और मात्रा पर विशेष ध्यान रखने को कहा गया है।