यज्ञशाला परिसर में लावारिस हाल में मिली नवजात
- चाइल्ड लाइन की टीम ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया
संवाद न्यूज एजेंसी
मथौली बाजार। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के मलुकही गांव में बने यज्ञशाला परिसर में शनिवार को एक नवजात मिली। रोने की आवाज सुनकर भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। नवजात की देखभाल के लिए गांव की एक महिला अपने घर लेकर गई, जहां से चाइल्ड लाइन की टीम ने पहुंचकर अपने कब्जे में ले लिया।
मलुकही गांव में छोटी गंडक नदी के पास यज्ञशाला बनी है। वहां शनिवार को सुबह गांव के लोग टहलने पहुंचे तो बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। गांव के कोटेदार लौटन प्रसाद की पत्नी गुलाबी देवी उसे अपने साथ घर ले गई। सूचना पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंचकर जानकारी ली।
चाइल्डलाइन के जिला समंवयक मोहन लाल गुप्ता ने बताया कि मौके पर पहुंचकर नवजात को अपने कब्जे में ले लिया गया है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि नवजात की हालत ठीक है, ठंड की वजह से उसे वार्मर में रखा गया है।