दो लोगों से 1.98 लाख रुपये की ठगी
पीड़ित लोगों ने पुलिस और बैंक प्रशासन से की कार्रवाई की मांग
एक पहली अप्रैल की घटना और दूसरी सात फरवरी की
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। अलग-अलग थाना क्षेत्रों के दो लोगों से 1.98 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। ठगी के शिकार लोगों ने इस मामले में पुलिस व बैंक प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है।
पडरौना के नेहरू नगर निवासी दिव्यांग सराजुल ने बताया कि एक अप्रैल की शाम करीब साढ़े पांच बजे उन्होंने एक व्यक्ति के पास 10 हजार रुपये भेजे। लेकिन संबंधित के खाते में रकम नहीं गई और उनके खाते से रुपये भी निकल गए। कुछ देर बाद सराजुल के बैंक खाते में पांच हजार रुपये वापस आ गये, लेकिन जब दो अप्रैल की दोपहर तक शेष पांच हजार रुपये वापस नहीं आया तो उन्होंने कस्टमर केयर पर फोन किया। वहां से मोबाइल में एक एप डाउनलोड करने की सलाह दी गई। उसके बाद एक मोबाइल एप मोबाइल में डाउनलोड कर उसके जरिए 10 हजार रुपये भेजने को कहा गया, लेकिन ऐसा करने पर उनके खाते से दस-दस हजार रुपये चार बार में निकल गए। उसके बाद एटीएम का फोटो व्हाट्सएप पर मांगा जाने लगा। पीड़ित व्यक्ति ने एसपी को ज्ञापन देकर इस मामले में कार्रवाई की मांग की है।
उजारनाथ प्रतिनिधि के अनुसार समाचार पत्र वितरक कपूरचंद गुप्ता के खाते से एक लाख अठावन हजार रुपये निकल गए हैं। उन्होंने बैंक के प्रबंधक पर सहयोग न करने का आरोप लगाते हुए क्षेत्रीय प्रबंधक से शिकायत की है। कसया निवासी कपूरचंद गुप्ता फाजिलनगर में समाचार पत्र वितरक का कार्य करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि सात फरवरी को उनके खाता से दो बार में एक लाख पचपन हजार रुपये और फिर तुरंत तीन हजार रुपये निकल गए।