तमकुहीराज। स्थानीय थाना क्षेत्र के परसौनी टोला कबिलसवा में रविवार रात अज्ञात शरारती तत्वों ने गांव में स्थित शीतला माता की कई पिंडी को क्षतिग्रस्त कर दिया। जानकारी के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पहुंच गए। पिंडियों को क्षतिग्रस्त होने से क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश का माहौल है। सूचना के बाद मौके पर आई तमकुहीराज पुलिस ने क्षतिग्रस्त पिंडियो की मरम्मत कराया। तमकुहीराज थाना क्षेत्र के परसौनी टोला कबिलसवा में कई दशक पूर्व पूजा पाठ के उद्देश्य से शीतला माता की नौ पिंडियां स्थापित की गई थीं। स्थानीय लोगों के मुताबिक तीन पीढ़ियों से भी अधिक समय से गांव के लोग शीतला माता की पिंडियो की पूजा-अर्चना करते हैं। सोमवार सुबह करीब चार बजे गांव के लोग पूजा करने देवी स्थान पहुंचे तो शीतला माता की पिंडियों को अज्ञात शरारती तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया था। पिंडियों के क्षतिग्रस्त होने की सूचना इलाके में तेजी से फैलने लगी और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचने लगे। इसी दौरान किसी ने मामले की सूचना तमकुहीराज पुलिस को दे दी। सूचना के बाद करीब आठ बजे मौके पर आई तमकुहीराज पुलिस ने पिंडियों की मरम्मत कराई और क्षतिग्रस्त पिंडियो के अवशेष को साथ लेती गई। इंस्पेक्टर तमकुहीराज सुशील शुक्ला ने बताया मामले की जानकारी के बाद पुलिस टीम ने पिंडियों को पूर्व की भांति ठीक कराया। शरारती तत्वों की पहचान के लिए पुलिस टीम सक्रिय है।