फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

‘प्राकृतिक संसाधनों के समुचित उपयोग से आएगा बदलाव’

Wed, 24 Jan 2018 11:51 PM IST
कुश्ाीनगर (ब्यूरो)
विज्ञापन
पुस्तक विमोचन करते अतिथि। - फोटो : कुश्‍ाीनगर ब्यूरो
विज्ञापन
पडरौना। जिला पंचायत सभागार में बुधवार को उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस मनाया गया। इसमें प्रदेश की सामाजिक, आर्थिक और भौगोलिक स्थिति की चर्चा करते हुए विकास के उपायों पर चर्चा की गई। इस दौरान कई परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया गया।
विज्ञापन


सांसद राजेश पांडेय ने कहा कि प्रदेश में प्राकृतिक संसाधनों की कमी नहीं है। इनका यदि समुचित उपयोग हो तो प्रदेश व देश विश्व के सामने नए स्वरूप में दिखेगा। इन संसाधनों के उपयोग से सबसे बड़े प्रदेश में विकास और रोजगार के इतने अवसर मिलेंगे कि लोग यूपी को विकास के मॉडल के रूप में याद करने लगेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार की तरफ से बुद्ध नगरी कुशीनगर को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए कई योजनाएं शुरू की गई हैं।

डीएम आंद्रा वामसी ने कहा कि भारत ही नहीं, विश्व के सभी देशों व धर्मों के लोग अपने जीवन में एक बार यूपी आना चाहते हैं, क्योंकि यूपी वह प्रदेश है जहां सभी धर्मों से जुड़े तीर्थ स्थल मौजूद हैं। उन्होंने कुशीनगर के विकास के प्रस्तावित योजनाओं के बारे में जानकारी दी। कहा कि क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत व नए सिरे से सड़कों के निर्माण के लिए करीब 400 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। करीब 45 हजार मुसहर परिवार ऐसे हैं, जिन्हें रहने के लिए पक्के घर नहीं है। केंद्र सरकार की तरफ से उनके रहने के लिए भवन निर्माण के बाबत 50 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
विज्ञापन


कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश राणा, रामकोला के विधायक रामानंद गौंड़, भाजपा जिलाध्यक्ष जयप्रकाश शाही, कुशीनगर विधायक रजनीकांत मणि त्रिपाठी आदि ने भी विचार व्यक्त किए। इसके बाद कुशीनगर के पर्यटन पर आधारित एक पुस्तक का विमोचन और 37 लाख की लागत से लक्ष्मीपुर कुर्मी पट्टी में बने 132/ 33 उपकेंद्र, 80 लाख 35 हजार रुपये की लागत से बने कसया और फाजिलनगर में किसान कल्याण केंद्र समेत कई परियोजनाओं की शुरूआत की गई। कार्यक्रम मे पहुंचे अतिथियों ने स्वास्थ्य विभाग, बाल विकास परियोजना, मत्स्य विभाग, उद्यान विभाग और कृषि विभाग की तरफ से लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। कार्यक्रम का संचालन हरे कृष्ण पांडेय ने किया। 

इस दौरान एडीएम कृष्ण लाल तिवारी, एसडीएम पडरौना अजय नारायण सिंह, जिला कृषि अधिकारी प्यारेलाल, उप निदेशक कृषि चौधरी अरुण कुमार, जिला उद्यान अधिकारी राजेंद्र कुमार यादव, डीआईओएस उदय प्रकाश मिश्र, सीएमओ अखिलेश कुमार, मारकंडेय शाही, राधेश्याम दीक्षित, लल्लन मिश्र, प्रमोद पांडेय, चंद्रप्रकाश चमन, आरके मौर्या समेत कई अन्य अधिकारी और किसान मौजूद रहे। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें