पडरौना। मौसम विज्ञान विभाग की तरफ से आने वाले पांच दिनों का मौसम का पूर्वानुमान जारी किया गया है। इसमें 10-14 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से पुरवा हवा चलने और आसमान में बादल छाने के साथ रिमझिम बारिश होने की संभावना जताई गई है। लोगों को मौसम के इस पूर्वानुमान के अनुसार कृषि समेत अन्य कार्य करने चाहिए।
कृषि विज्ञान केंद्र सरगटिया के मौसम वैज्ञानिक श्रुति वी सिंह ने बताया कि भारत मौसम विज्ञान विभाग की तरफ से 28 मई तक मौसम का पूर्वानुमान जारी किया गया है। उसमें पूर्वानुमान अवधि के दौरान गरज और बिजली के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।
उन्होंने बताया कि मौसम के पूर्वानुमान अवधि में मौसम का अधिकतम तापमान 33 से 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। सुबह के समय सापेक्षिक आर्द्रता 84 से 95 प्रतिशत और शाम के समय सापेक्षिक आर्द्रता 55 से 63 प्रतिशत के बीच रहने की संभावना है। उन्होंने बताया कि पूर्वानुमानित अवधि के दौरान 10 से 14 किमी प्रति घंटे की गति से तेज पूर्वी हवा (तेज सतही हवाएं) चलने की संभावना है।