पडरौना। चैत्र नवरात्र को लेकर सभी देवी मंदिर सज गए हैं। रविवार सुबह से मंदिरों में जुटने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ के मद्देनजर पूजा, सुरक्षा से लेकर सभी प्रकार की तैयारी सोमवार की शाम तक पूरी कर ली गईं। पूजा सामग्री बेचने वालों ने मंदिरों के आसपास दुकानें सजा ली हैं। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सभी मंदिरों में आयोजन समितियों की ओर से पूजा के विशेष प्रबंध किए गए हैं। पडरौना नगर के प्राचीन दुर्गा मंदिर, बुढ़िया माता मंदिर, अंबे मंदिर, छावनी के दुर्गा मंदिर व हठी माता मंदिर, पडरौना से सटे बलुचहां के लखरांव मंदिर, खिरकिया माता मंदिर सहित आसपास के सभी देवी मंदिरों में आयोजन समिति के लोग पूरे दिन तैयारी में जुटे रहे।
तमकुहीरोड प्रतिनिधि के अनुसार रविवार से आरंभ हो रहे चैत्र नवरात्र को लेकर सेवरही क्षेत्र में तैयारियां पूरी गई है। शनिवार को जलपा माता मंदिर कतौरा, बसई देवी भवानी मंदिर जगदीशपुर, छतुवनिया माता मंदिर अवदान टोला, वेलवा माता मंदिर आजादनगर, मिलिया माता मंदिर मालवीय नगर, काली माता मंदिर अंबेडकरनगर, सिंह भवानी माता मंदिर जवाहरनगर, सोना भवानी माता मंदिर ठकरहा, डीह भवानी मंदिर दवनहा, अष्टभुजी माता मंदिर ब्रह्मपुर आदि दुर्गा मंदिरों में पूरे दिन साफ सफाई के साथ सजाने का कार्य चलता रहा। जहां रविवार को श्रद्धालु चैत्र नवरात्र को लेकर कलश स्थापना के साथ देवी के प्रथम स्वरूप शैलपुत्री की पूजा अर्चना करेंगे।