छितौनी। छितौनी-तमकुही रेल चलाओ संघर्ष समिति के अध्यक्ष संजय सिंह ने सोमवार की देर शाम नई दिल्ली में केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री रामदास अठावले से मुलाकात की। समिति के अध्यक्ष ने बंद पड़ी छितौनी-तमकुही रेल परियोजना और पनियहवा-मदनपुर सड़क को बजट दिलाकर काम शुरू कराने के लिए मांग पत्र भी सौंपा।
संघर्ष समिति के अध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि छितौनी-तमकुही रेल परियोजना के पूर्ण होने से यूपी-बिहार दोनों राज्यों के लोगों को आवागमन में सुविधा होगी और बाढ़ से बचाव भी होगा। वहीं, पनियहवा-मदनपुर सड़क के निर्माण से यूपी-बिहार में आवागमन के साथ-साथ वाल्मीकि टाईगर रिजर्व में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। यह दोनो परियोजनाएं कुशीनगर व बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के सीमावर्ती क्षेत्र के विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। इनके पूरा होने से स्थानीय लोगों को रोजगार और बेहतर जीवन की सुविधा मिलेगी तो वहीं सरकार का सामाजिक न्याय का भी सपना साकार होगा। इस पर केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने भी दिलचस्पी दिखाई और दोनों मांगों को हल करने के लिए सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि दोनों परियोजनों के मंत्रियों से वह जल्द ही मुलाकात कर धन दिलाने का प्रयास करेंगे। इस दौरान भाजपा नेता दयाशंकर पांडेय, पूर्व ब्लॉक प्रमुख अशोक पांडेय, नागेंद्र शुक्ला आदि मौजूद रहे।