- किशोरी की हत्या कर ट्रेन में शव रखने के बाद से लगाया जा रहे कैमरे
- यात्रियों की सुरक्षा के लिए शुरू हुआ सीसीटीवी स्थापना कार्य
तमकुहीरोड। तमकुहीरोड रेलवे स्टेशन पर अब यात्रियों की सुरक्षा और स्टेशन परिसर की गतिविधियों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। रेलवे प्रशासन ने स्टेशन पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का कार्य शुरू करा दिया है। प्लेटफाॅर्म, टिकट काउंटर, प्रवेश एवं निकास द्वार सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर कैमरे स्थापित किए जा रहे हैं। किशोरी की हत्या कर उसके पिता व बुआ, फूफा बाद तमकुहीरोड रेलवे स्टेशन पर लखनऊ जाने वाले ट्रेन में रख दिया था। इसके बाद से रेलवे के जिम्मेदार जागे हैं, और कैमरा लगना रेलवे स्टेशनों पर शुरू हुआ है।
थावे-कप्तानगंज रेलखंड 13 रेलवे स्टेशनों में सिर्फ तरया सुजान रेलवे स्टेशन पर तीन कैमरे लगे थे। विभिन्न स्टेशनों पर यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। इसी क्रम में तमकुहीरोड रेलवे स्टेशन पर भी कैमरा स्थापना का कार्य तेजी से चल रहा है। कैमरों के माध्यम से स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों के साथ अन्य लोगों की गतिविधियों पर भी निगरानी रखी जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि तमकुहीरोड रेलवे स्टेशन क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण और व्यस्त स्टेशन है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्रियों का आवागमन होता है। ऐसे में सीसीटीवी कैमरे लगने से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल नजर रखी जा सकेगी। लोग इस पहल को कुछ समय पूर्व सामने आई चर्चित वारदात से भी जोड़कर देख रहे हैं। उस मामले में एक किशोरी की हत्या के बाद उसके शव के टुकड़ों को बैग और बक्से में रखकर ट्रेन के कोच में छोड़ दिया गया था। बाद में रेलवे पुलिस ने घटना का सफल खुलासा करते हुए आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया था। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया था।
रेलवे स्टेशन पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने का यात्रियों और स्थानीय लोगों ने स्वागत किया है। उनका कहना है कि इससे न केवल यात्रियों की सुरक्षा बढ़ेगी, बल्कि अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर भी प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। कैमरों की निगरानी से स्टेशन परिसर में पारदर्शिता और सुरक्षा दोनों को मजबूती मिलेगी।