कुशीनगर। अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के बोदरवार मार्ग पर एक पुलिया के पास शनिवार की देर रात पुलिस और बाइक सवार 25 हजार के इनामी पशु तस्कर के बीच मुठभेड़ हो गई।
पुलिस की जवाबी फायरिंग में पशु तस्कर के एक पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। टीम ने बिना नंबर की बाइक, एक तमंचा और नकदी बरामद की है। आरोपी पर जिले के अलग-अलग थानों में पशु तस्करी के छह मुकदमे दर्ज हैं। घायल पशु तस्कर चौराखास थाने का गैंगेस्टर भी है।
पुलिस सुरक्षा में इसका इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। तरयासुजान थाना क्षेत्र के तरया लछिराम गांव के मछार टोला निवासी पशु तस्कर राकेश कुशवाहा अहिरौली बाजार क्षेत्र में शनिवार की रात को आया था।
इसकी सूचना पुलिस को मिल गई। इसके बाद स्वाट टीम, कप्तानगंज पुलिस और अहिरौली बाजार पुलिस ने बोदरवार मार्ग पर एक पुलिया के पास घेराबंदी कर दिया। इस रास्ते जा रहे बाइक सवार पशु तस्कर को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह खुद को घिरता देख पुलिस पर फायरिंग कर दिया।
बचाव करते हुए पुलिस की ओर से की गई फायरिंग में पशु तस्कर राकेश के एक पैर में गोली लग गई। इससे वह जमीन पर गिर गया। पुलिस ने एक तमंचा, बाइक और नौ सौ रुपये नकद बरामद किया है।
घायल पशु तस्कर को पुलिस कप्तानगंज सीएचसी पर लेकर पहुंची। प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टर ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। यहां पुलिस की अभिरक्षा में उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, चौराखास, अहिरौली, हाटा कोतवाली में राकेश कुशवाहा पर पशु तस्करी के छह मुकदमे दर्ज हैं। चौराखास पुलिस ने गैंगस्टर की भी कार्रवाई की है। इसमें यह वांछित था और 25 हजार का इनाम घोषित किया गया था। जिले के अलावा बिहार में भी इसका पशु तस्करी का नेटवर्क फैला है। इसके पास से मिले मोबाइल की मदद से पुलिस गैंग में काम करने वाले बाकी पशु तस्करों को ट्रेस करने में लगी है। सीओ कसया कुंदन सिंह ने बताया कि पशु तस्कर राकेश वांछित था। इसकी तलाश पुलिस कर रही थी।