बनकटा बाजार। चौरा खास थाना क्षेत्र के कोइलसवा बुजुर्ग के बरवा टोला में शुक्रवार देर रात दो घरों में चोरी हो गई। चोर नकदी और सोने चांदी के जेवरात समेट ले गए। घटना की जानकारी शनिवार को सुबह हुई।
यहां के छोटेलाल यादव के घर आधी रात को दरवाजा खोलकर चोर घर में दाखिल हुए। कमरों में रखी अलमारियों व पेटी बॉक्स के ताले खोलकर लाखों रुपये के जेवरात और करीब 25 हजार रुपये निकाल ले गए। दूसरी घटना गांव के ही कैलाश यादव के घर हुई। घर की खिड़की काटकर घुसे चोर अलमारी व बक्सों के ताले तोड़कर करीब एक लाख रुपये के जेवरात उठा ले गए। सुबह दोनों परिवार के सदस्यों की नींद खुली तो कमरों में सामान बिखरा और अलमारी खुली देख उन्हें घटना की जानकारी हुई। शोर सुनकर गांव वालों की भीड़ जुट गई। सूचना पर आई पुलिस ने घटना की जानकारी ली। लोगों ने रात में गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है। थानाध्यक्ष दिनेश कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में है। जल्द ही वारदात का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।