फाजिलनगर से घर लौट रहा था परिवार, हैंडबैग में रखे थे दो मंगलसूत्र समेत अन्य जेवर और नौ हजार रुपये
जोकवा बाजार। फाजिलनगर से ऑटो में सवार होकर घर लौट रहे एक परिवार के हैंडबैग से नकदी और आभूषण गायब हो गए। बैग में दो सोने के मंगलसूत्र, अन्य आभूषण और नौ हजार रुपये रखे थे। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र की मधुरिया चौकी पुलिस को दी गई तहरीर में चौरा खास क्षेत्र के सरैया महंथ पट्टी गांव निवासी रामशरण गोंड़ ने बताया कि वह रविवार को पत्नी और पुत्री के साथ पटहेरवा क्षेत्र के फाजिलनगर स्थित एक ज्वेलर्स की दुकान पर गए थे। वहां उन्होंने दो सोने के मंगलसूत्र की मरम्मत कराई। इसके अलावा छह जोड़ी चांदी की बिछिया और सोने का एक ओम खरीदा।
इसके बाद परिवार के लोग तुर्कपट्टी क्षेत्र के गढ़हिया मोड़ के सामने से ऑटो में सवार होकर घर लौट रहे थे। रास्ते में पीपरा रज्जब फोरलेन क्रॉसिंग के पास दो महिलाएं भी उसी ऑटो में सवार हो गईं। सभी लोग जोकवा बाजार पहुंचे तो अपने-अपने गंतव्य के लिए उतर गए।
घर पहुंचने पर परिवार के लोगों ने हैंडबैग खोला तो उसमें रखे आभूषण और नकदी गायब मिले। इस संबंध में तुर्कपट्टी थानाध्यक्ष दिनेश कुमार ने बताया कि तहरीर मिली है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।