अहिरौली बाजार। अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के बरसैना में बुधवार की रात एसएसबी जवान के घर से चोरी हो गई। गृह स्वामी की पत्नी ने गांव की ही महिला समेत चार लोगों पर चोरी का आरोप लगाया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की छानबीन की।
थाना क्षेत्र के बरसैना निवासी मनोज कुमार यादव एसएसबी में कश्मीर में तैनात हैं। घर पर इनकी पत्नी बच्चों के साथ रहती हैं। बुधवार की रात मनोज यादव की पत्नी सुनीता देवी अपने दो मंजिला मकान के मेन गेट का ताला बंद किया और छत पर चाबी रखकर सोने चली गईं। आधी रात के वक्त चोर मेन गेट का ताला खोलकर अंदर दाखिल हुए और कमरे में रखी आलमारी और बॉक्स का ताला तोड़कर 50 हजार रुपये और लाखों के जेवरात लेकर फरार हो गए।
वारदात की जानकारी बृहस्पतिवार की सुबह हुई। गृहस्वामिनी सुनीता देवी ने व की महिला समेत तीन दूसरे गांव के व्यक्तियों पर चोरी का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में इंस्पेक्टर रवि कुमार राय ने बताया कि मामला संज्ञान में है। पुलिस मौके पर गई थी। इसकी जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।