अहिरौली बाजार। थाना क्षेत्र के गांव भलुही में मंगलवार की रात मकान के मेन गेट का ताला तोड़कर नकदी समेत आभूषण की चोरी हो गई। बुधवार की सुबह आसपास के लोगों ने ताला टूटा देख इसकी सूचना गृह स्वामी को दी। मौके पर पहुंचे गृह स्वामी ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
भलुही निवासी महेंद्र सिंह कुछ महीनों से गोरखपुर में अपने आवास पर रहकर बीमार पत्नी का इलाज करा रहे हैं। घर की देखभाल की जिम्मेदारी गांव के ही रामभवन सिंह को दी थी। रामभवन सिंह प्रतिदिन बरामदे में सोते थे। मंगलवार की रात करीब 12 बजे रामभवन खेत में लगा पंपिंग सेट देखने के लिए चले गए और वहां से लौटकर अपने घर सो गए। इसका फायदा उठाकर चोरों ने बंद पड़े घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
बुधवार की सुबह गांव वालों ने दरवाजे का ताला टूटा देखा। लोगों ने चोरी की घटना की सूचना गृहस्वामी महेंद्र सिंह को दी। सूचना मिलते ही महेंद्र घर पहुंचे और देखा कि दरवाजे का ताला टूटा हुआ है और घर में आलमारी व बॉक्स को भी तोड़ा गया है। गृहस्वामी महेेंद्र सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 60 हजार रुपये नकदी, आभूषण आदि की चोरी की गई है। सूचना मिलते ही अहिरौली बाजार एसओ रवि कुमार राय पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल पर छानबीन की। एसओ ने बताया कि जल्द ही चोरी की घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।