पडरौना। राशन वितरण में अनियमितता और कालाबजारी की पुष्टि होने पर तीन कोटेदारों पर केस दर्ज कराने के लिए डीएसओ ने डीएम से अनुमति मांगी है। डीएसओ ने अभियान चलाकर वितरण व्यवस्था की जांच का आदेश दिया है।
राशन की दुकानों से कार्डधारकों को कम अनाज देने की शिकायत लगातार पहुंच रही है। कसया में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में हाटा तहसील क्षेत्र की शिकायत पर डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने डीएसओ को जांच का निर्देश दिया। क्षेत्रीय पूर्ति अधिकारी मंगलवार को पडरौना तहसील के कुरमौल सोहनपुर गांव के कोटेदार योगेंद्र के यहां पहुंचे। कार्डधारकों को राशन कम देने की शिकायत मिली। स्टाक की जांच में राशन कम मिला। मोतीचक ब्लॉक के नारायनपुर गांव के कोटेदार हीरालाल सिंह अंबे, फाजिलनगर ब्लॉक के भठवा गांव के कोटेदार रविंद्र राय की दुकान की जांच में वितरण में गड़बड़ी के साथ-साथ कालाबजारी मिली। क्षेत्रीय पूर्ति अधिकारियों ने इसकी रिपोर्ट डीएसओ को दी। डीएसओ ने तीनों कोटेदारों पर केस दर्ज कराने के लिए डीएम से अनुमति मांगी है। डीएसओ दिलीप कुमार ने बताया कि तीनों कोटेदारों ने अनाज की कालाबजारी की है और वितरण में भी गड़बड़ी मिली है। कोटा निलंबित कर इनके खिलाफ केस दर्ज कराया जाएगा। विभागीय स्तर पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।