प्याज लदे ट्रक लूटकांड का मुकदमा दर्ज
खलासी व प्याज मालिक की तहरीर पर पुलिस ने की कार्रवाई
बृहस्पतिवार की रात में बोलरो सवार बदमाशों ने दिया था घटना को अंजाम
शुक्रवार की सुबह नेबुआ नौरंगिया के सौरहां खुर्द के पास मिला था खलासी
अमर उजाला ब्यूरो
कसया। बृहस्पतिवार की रात में प्याज लदे ट्रक लूटने के मामले में पुलिस ने खलासी व प्याज मालिक की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन में जुटी है। पुलिस के मुताबिक जल्द मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा। शुक्रवार की सुबह नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के कप्तानगंज मार्ग पर सौरहां खुर्द गांव के समीप पेट्रोल पंप पर एक युवक बदहवास मिला था। पूछताछ में उसने अपना नाम राजेश वर्मा निवासी घुरकुआं थाना गौर जिला बस्ती बताया। उसने बताया कि उसी के गांव के रहने वाले मानिक वर्मा ट्रक के मालिक हैं और वह मुंबई में रहते हैं। वह अपने को ट्रक का खलासी बताया।मामला कुछ इस तरह होने की बात खलासी ने पुलिस पूछताछ में बताई। वह प्याज लेकर बिहार प्रांत के बगहां जा रहे थे कि कसया-पडरौना मार्ग पर बोलेरों सवार बदमाशों ने ओवरटेक कर रोक लिया। चालक मामले को देखते हुए फरार हो गया। जबकि उसे बदमाशों ने बोलरो में बैठाकर लेकर चले गए। वहीं ट्रक को बदमाश लेकर फरार हो गए हैं।इस मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी विनोद कुमार मिश्र ने एएसपी गौरव वंशवाल व एसओ ज्ञानेंद्र कुमार राय को पर्दाफाश करने की जिम्मेदारी सौंपी। शनिवार को मामले में पुलिस ने खलासी राजेश वर्मा व बगहा के रहने वाले प्याज मालिक एजाज की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। खलासी ने ट्रक को लूटने की तहरीरथ दी है। जबकि प्याज मालिक ने प्याज वापस करने के मामले में तहरीर सौंपी है। एसओ ज्ञानेंद्र कुमार राय ने बताया कि मामले में गहनता से जांच पड़ताल की जा रही है। मामले का जल्द ही पटाक्षेप कर दिया जाएगा। घटना की कुछ गुत्थियां सुलझा ली गई हैं।