कुशीनगर। स्कॉर्पियो में क्रूरता पूर्वक गाेवंश लादकर ले जाने और मरे हुए गाेवंश को रस्सी से बांधकर घसीटने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो पुलिस की किरकिरी हो गई। वीडियो सुकरौली का बताया गया तो माहौल और गरमा गया।
पंद्रह दिन इस प्रकरण के बीतने के बाद पुलिस ने उपनिरीक्षक आनंद मोहन के तहरीर पर बृहस्पतिवार को अज्ञात के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया। सूत्रों के अनुसार इस मामले में सीओ कुंदन सिंह स्तर से भी लापरवाही हुई। वीडियो में पहले तो एक व्यक्ति द्वारा रस्सी फेंककर दरवाजे पर गाेवंश को काबू किया जाता है। फिर वहां एक दिल्ली नंबर की स्कॉर्पियो पहुंचती है जिसमें पहले से दो लोग मौजूद होते हैं और जल्दी में उतरकर स्कॉर्पियो में मौजूद गाेवंश को निकालना शुरू करते हैं।
इस बीच दो लोग स्कॉर्पियो के पिछले हिस्से से गाेवंश को निकालने की जद्दोजहद करते रहते हैं। बाद में जिस गाेवंश को वहां रस्सी फेंककर काबू किया गया रहता है उसे स्कॉर्पियो के डिक्की में ठूसकर रखा जाता है। वीडियो के अंतिम हिस्से में एक गाेवंश को तस्करों द्वारा स्कॉर्पियो में बांधकर घसीटते हुए भी देखा जा रहा है। तस्करों के इस कठोरता के अलग अलग वीडियो है जो सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर पोस्ट हो रहे हैं। जिसे कुशीनगर जिले के सुकरौली का बताया गया। सीओ कुंदन सिंह से बातचीत किया गया तो उन्होंने जांच की बात कही। हाटा थाने में तैनात उपनिरीक्षक आनंद मोहन यादव के तहरीर पर बृहस्पतिवार को दिल्ली नंबर की स्कॉर्पियो वाहन स्वामी सहित एक अज्ञात पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया।