- बृहस्पतिवार को बच्चे के पिता ने दी थी तहरीर
- कसया के किलकारी हॉस्पिटल में हुआ था गलत इलाज
कसया। किलकारी हॉस्पिटल के डॉक्टर पर तीन महीने के मासूम को गलत इंजेक्शन लगाने का केस दर्ज किया गया है। पिता ने बृहस्पतिवार को डॉक्टर पर आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
शामपुर निवासी हरीश सिह के मुताबिक उनके तीन महीने के बेटे शिवा की तबीयत खराब थी। इलाज के लिए 30 अक्तूबर को किलकारी हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। हालत न सुधरने पर दूसरे अस्पताल ले जाने के लिए रेफर करने को कहा। इस पर डॉ. कमलेश वर्मा ने रेफर कर दिया। लेकिन इलाज से संबंधित कोई दस्तावेज देने से इनकार कर दिया। मांगने पर नाराज हो गए। इसे लेकर कहासुनी हुई। आरोप है कि डॉक्टर ने हरीश सिंह से मारपीट की। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। पिता का आरोप था कि डॉक्टर ने दवा की डोज सही नहीं दी, जिससे बच्चे की हालत और खराब हो गई थी। बच्चे का इलाज गोरखपुर के एक निजी हॉस्पिटल में कराया है। कसया के थानाध्यक्ष गिरिजेश उपाध्याय ने बताया कि बच्चे के पिता की तहरीर पर मारपीट का केस दर्ज कर लिया गया है। जांच पड़ताल की जा रही है।
डॉ. कमलेश वर्मा ने बताया कि उन पर लगे आरोप झूठे हैं। बच्चे को दवा की सही डोज दी गई थी। जांच में तस्वीर साफ हो जाएगी। मेरी तरफ से भी कसया पुलिस को तहरीर देने के अलावा एसपी को पत्र देकर पूरे प्रकरण की जानकारी दी गई है। उन्होंने विधिक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।