संवाद न्यूज एजेंसी
उजारनाथ। पटहेरवा थाना क्षेत्र के गांव पांडेयपुर उर्फ बसंतपुर में भूमि पर कब्जा करने को लेकर हुए मारपीट में पुलिस ने कार्रवाई की है। इस मामले में एक महिला की तहरीर पर पुलिस ने दो महिला समेत छह लोगों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। यह घटना बीते 12 मई की बताई जा रही है।
गांव की विद्यावती देवी की तरफ से पटहेरवा पुलिस को दी गई तहरीर में कहा कि उनकी सास स्वर्गीय झखिया देवी ने बैनामा जमीन लिया था। उस जमीन पर वो और जेठानी सुनीता देवी सफाई कर रही थीं। उसी दौरान गांव की दो महिलाएं आकर उन्हें अपशब्द कहने लगीं। इसका विरोध करने पर कुछ और लोग वहां पहुंचकर मारपीट कर घायल कर दिए। इसके बाद भूमि पर पड़ी नींव आदि उजाड़ने लगे। उन्होंने इस मामले में कार्रवाई की मांग की थी। इस संबंध में पटहेरवा एसओ अनिल उपाध्याय ने बताया कि महिला की तहरीर पर फूलपरी देवी, रिंकी देवी, रामजीत, अभिमन्यु, प्रवीण, और दिनेश के विरुद्ध घर में घुसकर प्राणघातक हमला करने सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। इस मामले में अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।