संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कुशीनगर के आदेश पर हाटा तहसील में तैनात लेखपाल अजय सिंह और मोतीचक व नरायनपुर के ग्राम प्रधान प्रतिनिधि जितेंद्र सिंह के विरुद्ध धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। इसकी जांच सीओ कसया करेंगे।
मोतीचक ब्लाॅक के नरायनपुर गांव के शेषनाथ राव ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के न्यायालय में वाद दाखिल किया था। उन्होंने न्यायालय को बताया कि एक अप्रैल 2023 को हाटा तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में प्रार्थना पत्र देकर ग्राम पंचायत में स्थित दो जमीनों की पैमाइश एवं अतिक्रमण हटाने की मांग की थी।
लेखपाल और प्रधान प्रतिनिधि ने मिलकर गलत रिपोर्ट तैयार कर बताया कि संबंधित जमीनों से जुड़ा नक्शा संशोधन का वाद हरी आदि बनाम रामदेव अपर जिलाधिकारी न्यायालय में विचाराधीन है, जबकि अपर जिलाधिकारी न्यायालय में ऐसा कोई वाद दाखिल नहीं था। इस मामले की सुनवाई के बाद न्यायालय में आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए गए थे।
न्यायालय के इस आदेश पर हाटा पुलिस ने लेखपाल व ग्राम प्रधान प्रतिनिधि के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। इसकी विवेचना कसया सीओ को मिली है। इस संबंध में सीओ कुंदन सिंह ने बताया कि आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
इस संबंध में एसडीएम हाटा हीरालाल ने बताया कि कुछ दिन पहले ही कार्यभार ग्रहण किया हूं। इसलिए इसके बारे में जानकारी नहीं है। यदि लेखपाल के विरुद्ध केस दर्ज हुआ है तो विधिक कार्रवाई की जाएगी।