गोड़रिया। विशुनपुरा थाना क्षेत्र के लमकन गांव में सड़क पर पाइप डालने को लेकर चल रहे पंचायत के दौरान दो पक्षों में विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में मारपीट होने लगा। सूचना पर आई पुलिस मारपीट कर रहे लोगों को शांत कराते हुए घायलों को अस्पताल भेजवाई। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर तीन नामजद सहित चार लोगों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विशुनपुरा थाना के लमकन निवासी अभय कुमार ने पुलिस को दिए तहरीर में बताया कि बीते 23 अक्तूबर को गांव के ही सिंहासन, सौरभ, देवेंद्र उर्फ लाल बाबू और एक अज्ञात व्यक्ति ने सड़क पर पाइप डालने को लेकर चल रहे पंचायत के दौरान उनके पिता भरथ कुशवाहा को अपशब्द बोलने लगे। उन्होंने विरोध किया तो आरोपी उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर बचाने गई मां माया देवी को भी आरोपियों ने पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। सूचना पर आई डायल 112 पुलिस टीम ने लोगों को शांत कराते हुए एंबुलेंस से उन्हें दुदही सीएचसी भेजवाई, जहां उनका इलाज कराया गया। इस संबंध में विशुनपुरा थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद कुमार गुप्ता ने बताया कि तहरीर के आधार पर तीन नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।