बुजुर्ग महिला की पिटाई के मामले में चार लोगों पर केस
पिपरा बाजार। खजुरिया गांव के पुरंदरछपरा टोला में एक बुजुर्ग महिला की पिटाई के मामले में पुलिस ने चार लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है। यह कार्रवाई एसपी के आदेश पर की गई है।
नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के खजुरिया के पुरंदर छपरा टोला की निवासी सहीबुन नेशा ने एसपी से शिकायत की थी कि सात नवंबर को सुबह वह अपनी झोपड़ी की टाट बांध रही थीं। उसी दौरान टोले की दो महिलाएं व एक लड़की ने उनके सिर पर ईंट से प्रहार कर घायल कर दिया था। इसकी शिकायत करने पर पुलिसकर्मियों ने कोई कार्रवाई नहीं की।
इसके बाद 10 नवंबर को एक आरोपी महिला का पति सहीबुन के दरवाजे पर पहुंचकर गालियां और पिटाई की धमकी देने लगा। दोबारा इसकी शिकायत करने के बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद वह अपनी पुत्री रुकसाना के साथ शनिवार को एसपी से मिलकर शिकायत की थी।
एसपी के आदेश पर नेबुआ नौरंगिया थाने की पुलिस ने आरोपी तहरीमा, बुधिया, नरगिस व नसीर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। प्रभारी निरीक्षक अतुल कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि तहरीर के अनुसार चार लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया है।