हादसे का विवरण
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीनों छात्राएं एक ही स्कूटी पर सवार होकर अपने घर लौट रही थीं। जैसे ही वे माधोपुर बुजुर्ग कट के समीप पहुंचीं, एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार कार ने उनकी स्कूटी को जोरदार ठोकर मार दी। टक्कर इतनी भयंकर थी कि हादसे के तुरंत बाद कार का टायर भी फट गया।
मृतकों और घायल की पहचान
इस हादसे में जान गंवाने वाली दोनों छात्राएं पड़ोसी राज्य बिहार के गोपालगंज जिले की रहने वाली थीं। जिनकी पहचान अनामिका (22 वर्ष) निवासी सुकदेव पट्टी, थाना गोपालपुर (जिला गोपालगंज), निशा (21 वर्ष) निवासी एराजीपुर बोधाछापर, थाना गोपालपुर (जिला गोपालगंज) और इस हादसे में गंभीर रूप से घायल तीसरी छात्रा की पहचान आलीसा खातून (23 वर्ष) के रूप में हुई है, जो कुशीनगर के तमकुहीराज थाना क्षेत्र के छपरा अहिरौली की निवासी है।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों मृतक छात्राओं के शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, गंभीर रूप से घायल आलीसा खातून को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसका सघन उपचार चल रहा है।
इस बीच, पटहेरवा थाना पुलिस ने दुर्घटना करने वाली कार को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है। इस दर्दनाक घटना की खबर मिलते ही छात्राओं के परिवारों में कोहराम मच गया है।