चाफ शाखा नहर की पटरी टूटी, धारा ने बदला रास्ता
तमकुहीराज (कुशीनगर)। क्षेत्र से होकर गुजरने वाली चाफ शाखा नहर की पटरी टूट गई है। इससे नहर की धारा ने पूरी तरह घूमकर अपना रास्ता बदल लिया है। जानकारी होने पर नहर विभाग हेड से पानी बंद कर दिया है। नहर के टूट जाने से किसान चिंतित हैं।
सोमवार की सुबह चाफ शाखा नहर बसंतपुर के सामने पुराने रेग्यूलेटर के पास टूट गई। इसके चलते पानी की धारा ने अपना रास्ता बदल लिया। नहर का सारा पानी झरही नदी मे गिरने लगा। अचानक इतनी तादाद में पानी आ जाने से झरही के किनारे बोई गई धान की फसल डूब गई। वहीं नहर के भरोसे ऊंचे क्षेत्र के धान की खेती करने वाले किसानों में निराशा छाई हुई है। किसान शंभू शरण सिंह, रामायण यादव, कृपाशंकर, अवध किशोर मिश्र, राजेश, रामअवध आदि का कहना है कि उस जगह हर वर्ष नहर की पटरी टूट जाती है। विभाग बरसात बंद होने के बाद जैसे तैसे उसकी मरम्मत कराता है। लेकिन स्थायी हल नहीं होने से यह समस्या बार-बार आ रही है। किसानों ने तत्काल नहर की टूटी हुई पटरी की मरम्मत कराकर पानी छोड़े जाने की मांग की है।
इस संबंध में अवर अभियंता दिनेश कुमार का कहना है कि जानकारी मिलते ही नहर का पानी हेड से बंद करा दिया गया है। पूरी तरह पानी बंद होने में चौबीस घंटे लग जाते हैं। पानी बंद होने के बाद ही मरम्मत का कार्य शुरू किया जा सकेगा।